दिल्ली बार्डर पर स्थित कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात कुछ युवकों ने आग लगाने की कोशिश की। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के खदेड़ने पर युवक गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश कर गए और सूर्य नगर की ओर भाग निकले। इस दौरान कर्मचारियों ने दो युवकों को दबोच लिया और उनकी जमकर धुनाई की।
इसके बाद बार्डर पर ले जाकर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष की ओर से थाना विवेक विहार में युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दिल्ली-सूर्य नगर बार्डर पर गाजियाबाद कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना का पेट्रोल पंप है। शुक्रवार रात करीब एक बजे एक युवक ने कार में पेट्रोल डलवाया और रुपये देने से मना कर दिया।
इस पर दोनों पक्षों का झगड़ा हो गया। मौका देखकर युवक वहां भाग निकला और कुछ देर बाद करीब 10 से 12 युवकों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचा। युवकों ने तोड़फोड़ की और पेट्रोल पंप पर आग लगाने की कोशिश की, जिस पर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने युवकों को खदेड़ा और वे सूर्य नगर की ओर भाग निकले।
कर्मचारियों ने दोनों युवकों को सूर्य नगर पर पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की। बाकी युवक भाग गए। सूचना पर सूर्य नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पेट्रोल पंप दिल्ली में होने के चलते दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई। बाद में पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने युवकों को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना ने बताया कि युवकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की, उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।