कांधला। डुंडूखेड़ा गांव में सोमवार रात बदमाशों ने चार मवेशियों को चोरी करके डीसीएम में लाद लिया । ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पीछा करके डीसीएम पकड़ ली, जबकि बदमाश मौके से फरार हो गए।
गांव डूंडूखेड़ा निवासी सेठपाल सोमवार रात्रि पशुओं को चारा डालने के बाद घर चला गया था। आरोप है कि उसी समय डीसीएम सवार बदमाशों ने किसान के घेर का ताला तोड़कर घेर में बंधी दो भैंसें व दो मवेशी को चोरी कर लिया और अपने साथ लाये डीसीएम में लादकर साथ ले जाने लगे। डीसीएम व पशुओं की आवाज सुनकर ग्रामीण सेठपाल सहित अन्य ग्रामीणों में जाग हो गई। ग्रामीणों ने चोरों को देखकर शोर शराबा शुरू कर दिया। बदमाश हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गये। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अन्य थानों को मामले की सूचना देकर डीसीएम का पीछा किया। आरोपी पशुओं सहित डीसीएम को झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव जैनपुर छोड़कर मौके से फरार हो गये। पुलिस डीसीएम सहित पशुओं को थाने ले आई और किसान के सुपुर्द कर दिया। घटना के संबंध में किसान ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस डीसीएम के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।