शामली के कैराना में बिसातियान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली विवाहिता की मौत के मामले में फोरेंसिक विभाग की तीन सदस्यीय टीम मुजफ्फरनगर से कैराना पहुंची। टीम ने मौके पर जाकर गहनता के साथ जांच शुरू कर दी। मामले में पुलिस की ओर से पिता की तहरीर पर पति सहित चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
बता दें कि शुक्रवार दोपहर बिसातियान में 22 वर्षीय पूजा का शव मकान के बंद कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। पूजा के मायके पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर 2 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर पूजा की हत्या करने का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी थी।
पुलिस ने पिता ब्रजपाल निवासी काका नगर शामली की तहरीर पर पति दीपक कश्यप, जेठ राजेंद्र, राजू और रणवीर निवासी बिसातियान कैराना के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, पूजा के पति दीपक ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। परिजन उसे पानीपत ले गए थे। शनिवार शाम पूजा की मौत की जांच के लिए मुजफ्फरनगर से फोरेंसिक विभाग की तीन सदस्य टीम यहां पहुंची।