कैराना। छात्र के अपहरण की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस ने थाना क्षेत्र की सीमाएं सील करके सघन चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन छात्र अपने कॉलेज में सकुशल मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। अपहरण की झूठी सूचना देने पर पुलिस ने छात्र के पिता को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
सोमवार को ग्राम मवी निवासी कक्षा 11 के छात्र काला और मोनू अपने गांव से पब्लिक इंटर कालेज कैराना आ रहे थे। दोनों ही छात्र गांव के बाहर से कैराना आने वाली सवारी जीप में बैठ गए। रास्ते में जीप चालक ने किराए के पैसे मांगे तो छात्रों ने पैसे देने से इंकार कर दिया। जिस पर जीप चालक व छात्रों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान झगड़ा बढ़ने पर जीप चालक ने 100 डायल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों छात्र वहां से भाग गए। इसके बाद पुलिस ग्राम मवी में आरोपी छात्रों के घर पहुंची तथा परिजनों से कोतवाली में आने को कहा। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस के डर से छात्र मोनू के पिता ओमपाल ने अपने मोनू के अपहरण का नाटक रच दिया।
ओमपाल ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि जीप चालक द्वारा भेजे गए बदमाश उसके बेटे मोनू का अपहरण करके ले गए हैं। बूढे़ पिता की बातों पर विश्वास करते हुए पुलिस ने तुरंत क्षेत्र की सीमाएं सील करते हुए चेकिंग शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने मोनू के साथी काला को बुलाकर पूछताछ की तो पुलिस को अपहरण की कहानी में झोल नजर आया।
पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि मोनू कालेज में अपनी कक्षा में है तथा पुलिस द्वारा कोतवाली बुलाये जाने के डर के कारण अपहरण की झूठी कहानी बनाई गई। इसके बाद पुलिस ने कालेज से मोनू को कोतवाली बुलाया तथा राहत की सांस ली। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि मोनू के अपहरण की झूठी सूचना देने पर मोनू के पिता को चेतावनी दी गई है।