शामली। मेरठ-करनाल रोड स्थित गांव सिंभालका के निकट बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गए। दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठी वृद्धा की पहिये से कुचले जाने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लांक निवासी किशनवीर की पत्नी लीलावती(60) की आंखों का शामली के नर्सिंग होम में ऑपरेशन हुआ था। सोमवार को लीलावती भतीजे रोहित के साथ बाइक पर लौट रही थी। जब वह गांव सिंभालका के निकट पहुंचे, तो सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें साइड मार दी।
इस दौरान बाइक पर पीछे बैठी वृद्धा ट्रक के पहिये की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक घटनास्थल से फरार हो गया। ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और एंबुलेंस से घायल रोहित को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों ने मामले में कोई भी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। बाद में पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया।