शामली। नगर की पालिका मार्केट में एक मेडिकल स्टोर के संचालक पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना के विरोध में व्यापारियों ने हाईवे जाम लगाकर हंगामा किया। सांसद हुकुम सिंह, विधायक सुरेश राणा ने डीएम और कप्तान को चेतावनी दी कि दो दिन में घटना का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
नगर की पालिका मार्केट में कमल पुत्र राजेंद्र का मेडिकल स्टोर है। कमल मंगलवार को अपने स्टोर पर बैठा हुआ था। उसी दौरान बाइक सवार चार बदमाश आए और कमल पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। व्यापारी पर फायरिंग की सूचना पर व्यापारी आक्रोशित हो गए। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकित गोयल के नेतृत्व में व्यापारियों द्वारा पूरा बाजार बंद करा दिया।
नगर की वर्मा मार्केट के बाहर साढे़ ग्यारह बजे जाम लगा दिया तथा धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। जाम खुलवाने पहुंचे सीओ सिटी निशांक शर्मा को भी व्यापारियों ने जमकर सुनाई। उसके बाद सांसद हुकुम सिंह, विधायक सुरेश राणा, व्यापारी नेता पश्चिमी उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष अंकित गोयल भी धरने पर बैठ गए। व्यापारियों को समझाने पहुंचे सपा नेता और पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह की भी व्यापारियों ने एक नहीं सुनी।
व्यापारियों ने सीधे कहा कि शामली में कानून नाम की चीज नहीं है। करीब दो घंटे बाद डीएम सुजीत कुमार, एसपी विजय भूषण मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी धरने से नहीं उठे।
सांसद हुकुम सिंह के द्वारा घटना के खुलासा कर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए धरना-प्रदर्शन स्थगित किया गया। इस दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनुराग जैन, अनिल भार्गव, राकेश गुप्ता, राहुल, आशु गर्ग, विपिन, संजय गोयल, संगीत गोयल, नरेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे।