झिंझाना। पुलिस पीछे लगी होने के शक में तस्करों ने ट्रक को दौड़ा लिया और हड़बड़ी में एक मकान में घुसा दिया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के भीतर से नौ बैलों को मुक्त करा लिया। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार की सुबह लगभग चार बजे करनाल की ओर से एक ट्रक आ रहा था। बॉर्डर पार करने के बाद यूपी की सीमा में पहुंचा तो बिड़ौली के पास ट्रक चालक ने पीछे पुलिस की गाड़ी दिखाई दी।
जिसके बाद पुलिस पीछे लगी होने का शक होने पर चालक ने ट्रक को दौड़ा लिया। इस दौरान तस्कर ने ट्रक को गांव मन्नूगढ़ में एक किसान विपिन के मकान में घुसा दिया, जिससे मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। शुक्र रहा कि उस समय वहां कोई नहीं सो रहा था, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चेकिंग की तो ट्रक के अंदर दो हिस्से किए गए थे और अंदर के हिस्से में नौ बैलों को बुरी तरह ठूंस कर भरा गया था।
पुलिस ने बैलों को मुक्त कराकर ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया। ट्रक को जेसीबी मशीन द्वारा वहां से हटाकर पुलिस चौकी पहुंचाया गया। थाना प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि ट्रक को सीज कर अज्ञात चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।