शामली। फेसबुक के जरिये दोस्ती के बाद हर्बल सीड्स खरीदने की डील के लिए शामली पहुंचे नाइजीरिया के युवक को शक के चलते पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस और खुफिया विभाग उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके पासपोर्ट और वीजा के संबंध में छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जांच में उसका पासपोर्ट संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
शामली के मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी प्रदीप कुमार की नवंबर 2015 में फेसबुक के जरिये नाइजीरिया निवासी डाक्टर गेब्रियल जूल से दोस्ती हुई। प्रदीप किसान होने के साथ ही प्रापर्टी डीलिंग का काम भी करता है। इसके बाद फेसबुक पर ही बातचीत का सिलसिला चला। फिर डाक्टर गेब्रियल ने खुद को साइंटिस्ट बताया और कई ऐसे फोटो भेजे, जिसमें वह प्रयोगशाला में परीक्षण करता नजर आ रहा है। फिर डाक्टर गेब्रियल जूले ने दिल्ली के राजेश शर्मा सहित दो व्यक्ति से संपर्क कराया, जिन्हें अपनी कंपनी के लिए हर्बल सीड्स सप्लायर बताया गया। एक महीना पूर्व राजेश शर्मा ने ही प्रदीप को हर्बल सीड्स का सैंपल देने के लिए नासिक (महाराष्ट्र) बुलाया।
वहां प्रदीप से तीन लाख रुपये लेकर हर्बल सीड्स के दो पैकेट दिए गए। हर्बल सीड्स के पैकेट लेकर प्रदीप शामली लौट आया, लेकिन उससे खेती नहीं कर सका। इसके चलते प्रदीप ने खुद को ठगी का शिकार समझा। फिर राजेश शर्मा से उसका पुन: संपर्क हुआ। तब राजेश शर्मा ने उससे कहा कि कंपनी में मेरा परमोशन हो गया है, यदि तुम चाहो तो कंपनी को हर्बल सीड्स सप्लाई करके मोटा मुनाफा कमा सकते हो।
साथ ही उसने प्रदीप से कहा कि तुमसे कंपनी का दूसरा एजेंट आकर मुलाकात करेगा। इसी के चलते बृहस्पतिवार को दिल्ली से एक नाइजीरियन युवक टैक्सी में शामली पहुंचा। प्रदीप ने धोखाधड़ी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी। शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नाइजीरियन युवक को थाने ले आई। वहां सीओ सिटी निशांक शर्मा ने युवक से बातचीत की। उसके पासपोर्ट पर अमूटा बी थैंकगोड नाम और नाइजीरिया के इनूगू का पता लिखा हुआ था। सीओ सिटी निशांक शर्मा ने बताया कि फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
नाइजीरिया निवासी युवक के पकड़े जाने की सूचना पर खुफिया विभाग भी अलर्ट हो गया। एलआईयू के इंस्पेक्टर और अन्य लोगों ने शामली कोतवाली पहुंचकर नाइजीरिया के युवक से जानकारी ली। उसके पासपोर्ट की जांच के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय से उसके संबंध में जानकारी मांगी है।