शामली। सहारनपुर से पुलिस कस्टडी से फरार हुए मुकीम काला गैंग के 15 हजार के इनामी बदमाश इसरान को मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके दोनों पैरों में तीन गोलियां लगी हैं, जबकि तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा ने बताया कि सोमवार देर रात करीब दो बजे शामली कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम तथा कांधला थाना प्रभारी उमेश रोरिया पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से गश्त कर रहे थे।
शहर के सराफा बाजार में राजेश वर्मा ज्वैलर्स की दुकान में तीन बदमाश चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के ललकारने पर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले।
पुलिस ने पीछा करते हुए पूर्वी यमुना नहर पटरी के पास काका नगर स्थित निर्माणाधीन मकान में घुसे बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की।
इस दौरान मौका पाकर दो बदमाश फरार हो गए, जबकि सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के बढ़ी माजरा निवासी इसरान पुत्र मतलूब को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके दोनों पैर में तीन गोलियां लगीं हैं। मुठभेड़ में शामली कोतवाली प्रभारी, कांधला थानाध्यक्ष और उपनिरीक्षक मनोज कुमार भी घायल हो गए।