कैराना। कस्बे में एक विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के पिता ने ससुरालियाें पर दहेज में दो लाख नहीं देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पति सहित चार ससुरालियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शामली के मोहल्ला काकानगर निवासी ब्रजपाल की पुत्री पूजा (22) की शादी 2 साल पहले कैराना के मोहल्ला बिसातियान निवासी दीपक कश्यप के साथ हुई थी। पूजा के एक साल की बेटी है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे पूजा का शव कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता मिला। बाद में परिजनों ने पूजा के शव को फंदे से नीचे उतारा। सूचना पर पूजा के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तथा दहेज हत्या का आरोप लगाया।
सूचना पर सीओ भूषण वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। देर सांय पूजा के पिता ब्रजपाल निवासी काका नगर शामली ने कोतवाली में दहेज हत्या की तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उसकी बेटी का पति दीपक व जेठ अतिरिक्त दहेज में 2 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। दो दिन पहले भी ससुराल वालों ने उसकी बेटी पूजा को धमकी दी थी कि या तो अपने पिता के घर से दो लाख रुपये लाकर दो नहीं तो मिट्टी का तेल डाल कर तुम्हें जला देगें।
उधर, इस मामले के बारे में कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि मृतक पूजा के पिता ब्रजपाल निवासी शामली की तहरीर पर पति दीपक, जेठ राजेन्द्र, राजू व रणवीर निवासीगण मोहल्ला बिसातियान कैराना के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मृतका के शव का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेजा गया है। उधर चर्चा है कि मृतक पूजा के पति दीपक ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर रखा है जिसकी पानीपत नर्सिंग होम में गंभीर हालत बताई जा रही है।