शामली/कैराना। इरफान...छह लाख दे दे, वरना घर में घुसकर मारेंगे। घर के दरवाजे डाले गए पत्र में इस तरह का संदेश लिखकर कैराना क्षेत्र के गांव गंदराऊ में एक बार फिर छह लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। दहशत बढ़ाने के लिए पत्र के साथ कारतूस तक भेजा गया है। रंगदारी के मामलों पर कैराना में मचे बवाल और सियासत के बीच फिर ऐसा मामला सामने आने पर पुलिस की बेचैनी बढ़ गई है।
पीड़ित की ओर से तहरीर देने के बाद जांच की जा रही है। गंदराऊ निवासी हाजी इरफान की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक बृहस्पतिवार की अल सुबह मस्जिद में नमाज पढ़कर वह अपने घर आया तो उसे दरवाजे के बाहर एक पत्र पड़ा मिला। इरफान ने चिट्ठी पढ़ी तो उसमें छह लाख रुपये की रंगदारी की मांग थी।
रंगदारी मांगने वालों ने लिखा- पहले भी 16 अक्तूबर को रंगदारी मांगी थी और तुझे 25 अक्तूबर तक का टाइम दिया था। लेकिन तूने रुपये नहीं दिए। उल्टे पुलिस को सूचना दे दी। रंगदारी वालों ने धमकी दी कि रात आठ बजे तक छह लाख रुपये लेकर आना नहीं तो घर में घुसकर मारेंगे और उसके बाद एक लाश के दस लाख रुपये लेंगे।
दरवाजे पर यह पत्र मिलते ही परिवार दहशत में आ गया। कोतवाली में पहुंचे इरफान ने मांग की है कि रंगदारी मांगने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की जाए।
उधर, सीओ भूषण वर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।