घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मंगलौर के स्कॉर्पियो मालिक की 20 दिन पहले सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी गई थी। लंबी खोजबीन के बाद पुलिस कातिलों तक पहुंच गई। पकड़े गए बदमाशों ने मंसूरपुर नेशनल हाईवे किनारे झुंड से शव के अवशेष बरामद करा दिए। परिजनों ने कपड़ों से शव की पहचान की। पकड़े गए बदमाशों ने चालक की हत्या कर उसकी स्कार्पियो को लूट लिया था। लुटेरों के साथ एक लड़की भी शामिल थी, जिसके बारे में छानबीन की जा रही है।
उत्तराखंड के थाना मंगलौर क्षेत्र के पठानपुर निवासी 38 वर्षीय इंतजार पुत्र शब्बीर अहमद अपनी स्कार्पियो किराए पर चलाता था। थाना मंगलौर के एसएसआई एनके बचकोटी ने बताया कि पुलिस ने सरधना के तीन बदमाशों को पकड़ा था। पूछताछ में इन बदमाशों ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि तीन सितंबर को इन तीनों बदमाशों ने चालक इंतजार की गाड़ी गाजियाबाद जाने के लिए बुक की थी।
तीनों बदमाश गाड़ी में बैठकर दिन के तीन बजे मंगलौर से चले थे। रुड़की से इन्होंने अपना साथ और एक लड़की को बैठाया था। इसके बाद पांचों गाजियाबाद के लिए चले थे। शाम करीब छह बजे मंसूरपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर नावला मोड़ के सामने बदमाशों ने गाड़ी रुकवाई, साथ में चालक भी नीचे उतर गया था। इसी दौरान इन बदमाशों ने लोहे की रॉड सिर में मारकर चालक की हत्या कर दी थी और शव को हाईवे किनारे झाड़ी में डालकर गाड़ी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के अगले दिन ही सरधना क्षेत्र में गाड़ी लावारिस हालत में पुलिस को खड़ी मिली थी। परिजनों ने चालक की मंगलौर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस उसी दिन से चालक को तलाश कर रही थी। सर्विलांस के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। घटना के 20 दिन बाद बृहस्पतिवार को मंगलौर पुलिस थाना मंसूरपुर पुलिस को लेकर बदमाशों की निशानदेही पर चालक का शव बरामद करने घटनास्थल पर पहुंची। झाड़ी में पड़े शव को जंगली जानवरों ने खा रखा था। सिर्फ कपड़े और इधर-उधर पड़ी हड्डियां ही मिलीं। पुलिस के साथ आए परिजनों ने कपड़े पहचान लिए। काले रंग की पैंट की जेब से पर्स निकला।
जिसमें एक हजार रुपये की नगदी मिली। मंगलौर पुलिस हड्डियों को एकत्र कर अपने साथ ले गई। मंगलौर पुलिस ने बताया कि बदमाश हाईवे पर वाहनों को लूटते थे। पुलिस को शक न हो, इसलिए इनके साथ एक लड़की भी रहती थी। कुछ दिन पूर्व इन बदमाशों ने मुरादनगर से एक डीसीएम गाड़ी को लूटा था। इन बदमाशों ने लूट की कई घटनाओं को कबूल भी किया है।