कैराना। गांव दभेड़ी खुर्द में घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला करने के मामले में सात नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हमले में चार लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक की दिल्ली स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
ग्राम दभेड़ी खुर्द निवासी वासिल ने कैराना कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि गत चार फरवरी की शाम बच्चों के बीच विवाद होने पर उसके पिता जाबिर ने मामला शांत करा दिया था। बाद में रंजिश के चलते गांव के ही इंसार, फुरकान, इरफान, यूसुफ, हाशिम, मुरसलीन, शाइस्ता व दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने लाठी डंडे व धारदार हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुसकर हमला कर दिया।
हमले में उसके पिता जाबिर, दादा नत्थू, चाचा राशिद, बुंदी को घायल कर दिया गया था। गंभीर रूप से घायल उसके पिता जाबिर को पहले तो मेरठ और फिर दिल्ली रेफर कर दिया गया। छह फरवरी को उसके पिता जाबिर की दिल्ली अस्पताल में मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा हैं।