कांधला। क्षेत्र के गांव रसूलपुर गुजरान में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने पहुंचे नायब तहसीलदार के सामने दो पक्षों में संघर्ष हो गया। ग्रामीणों के अनुसार इस दौरान दोनों पक्षों में फायरिंग भी हुई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर गुजरान स्थित स्वास्थ्य उप केंद्र के बराबर में अस्पताल की लगभग 250 वर्ग मीटर जमीन पड़ी है। इस पर कब्जे को लेकर कई साल से गांव के ही अरविंद और गुलाब के बीच विवाद चल रहा है। कई माह पूर्व अरविंद ने एसडीएम श्याम अवैध चौहान को शिकायत कर गांव के ही गुलाब पर उक्त जमीन पर अवैध निर्माण कराने की शिकायत की।
एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को रुकवा दिया था। रविवार को अरविंद ने एसडीएम शामली को फोन पर उक्त जमीन पर गुलाब पक्ष द्वारा फिर से अवैध निर्माण कराने की सूचना दी। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेकर नायब तहसीलदार देवेंद्र पांडेय को कार्रवाई के लिए भेजा।
नायब तहसीलदार के पहुंचते ही अवैध निर्माण करने वाले लोग मौके से भाग गए। ग्रामीणों के मुताबिक थोड़ी देर बाद ही दोनों पक्षों के लोग अवैध हथियारों से लैस होकर आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में नायब तहसीलदार के सामने कई राउंड फायरिंग हुई। हालांकि अधिकारियों ने फायरिंग से इंकार किया।
नायब तहसीलदार की सूचना पर पुलिस पहुंची। इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों से दो लोगों को हिरासत में लिया है। जबकि अन्य लोग भाग गए। थानाध्यक्ष राज कुमार शर्मा ने कहा फायरिंग की सूचना नहीं है । निर्माण को रुकवा दिया है, दोबारा पैमाईश के बाद ही निर्माण कार्य होगा।