ऊन। मजदूरी करने के लिए बड़ौत गए ऊन क्षेत्र के गागोर निवासी युवक का शव बोरे में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार की देर रात युवक का शव लेकर परिजन गांव पहुंचे। परिजनों ने उसका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
ऊन चौकी क्षेत्र के गांव गागोर निवासी नानू पुत्र चंद्रभान होली से पहले ही बड़ौत क्षेत्र के गांव गढ़ीदुल्ला में श्रीपाल शर्मा के यहां पर झिंझाना निवासी कालू ठेकेदार के साथ गन्ने की छिलाई करने के लिए गया था।
छिलाई का कार्य खत्म होने के बाद वह बड़ौत में ही अपनी बहन के यहां ठहर गया। 12 अप्रैल को वह अपनी बहन के घर से गांव में जाने के लिए कह कर निकल गया, लेकिन उसके बाद वह गांव में नहीं पहुंचा । शुक्रवार को उसकी लाश एक बंद बोरे में कांशीराम कॉलोनी के पास नाग बाबा वाले बाग में मिली।
इसके बाद बड़ौत पुलिस ने उसकी जेब से डायरी निकाल कर उसमें दर्ज फोन नंबर से घटना की सूचना परिजनों को दी। इस पर परिजन बड़ौत कोतवाली पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजन पोस्टमार्टम लेने के बाद शव लेकर गांव आ गए। शुक्रवार की रात में परिजनों ने युवक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों मे कोहराम मचा हुआ है।
गोली मारने के मामले में एक हिरासत में
शामली। गांव काबड़ौत निवासी रामेश्वर शामली में सब्जी मंडी में दुकान करता है। शुक्रवार की देर रात वह लौट रहा था। गांव में ही उसे तीन लोगों ने घेर लिया और गोली मार दी। परिजनों के आने पर हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस के मुताबिक सब्जी विक्रेता के सामने ही एक दूसरे सब्जी विक्रेता से उसकी प्रतिस्पर्धा चल रही है। इस मामले में पुलिस ने गांव के एक युवक को हिरासत में लिया है। उधर, शनिवार की शाम तक इस मामले में कोई तहरीर परिजनों की ओर से नहीं दी गई थी। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया का कहना है प्रथम दृष्टया मामला दो लोगों में आपसी प्रतिस्पर्धा का है। अभी एक संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।
अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है।