शामली के बाबरी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने ग्राम प्रधान और उसके तीन साथियों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर मिलने पर महिला को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
एक गांव निवासी दूसरे समुदाय की महिला ने शनिवार अपराह्न करीब चार बजे बाबरी थाने पहुंचकर तहरीर दी। महिला ने बताया कि पड़ोसी गांव और उनके गांव का सेक्रेटरी एक ही है। दोपहर करीब डेढ़ बजे पड़ोसी गांव के प्रधान ने उन्हें कॉल करके कहा कि तुम सरकारी योजना में अपना मकान बनवाना चाहती हो। तुम्हारे गांव का सेक्रेटरी मेरे यहां बैठा हुआ है, तुम भी यहीं आ जाओ, तो तुम्हारे मकान की फाइल पास करा देंगे।
महिला का कहना है कि जब वह प्रधान के मकान पर पहुंची, तो वहां सेक्रेटरी नहीं था। इसी दौरान प्रधान और उनके तीन समर्थकों ने उसे मकान में बंद कर लिया। आरोप है कि प्रधान तथा तीनों समर्थकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद उसे डराया धमकाया और कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की, तो अंजाम बुरा होगा।
पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी ग्राम प्रधान और उसके तीनों समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की। बाबरी थाना पुलिस ने पीड़ित महिला को डाक्टरी परीक्षण के लिए शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।