कांधला। पुलिस ने गांव जसाला के निकट से कटान को ले जाए रहे गोवंश मुक्त कराकर तीन आरोपियों को दबोच लिया। जबकि एक फरार हो गया।
शुक्रवार शाम कांधला थानाध्यक्ष अनुराधा सिंघल कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि शामली कोतवाली के गांव बलवा से चार युवक गोवंश को हत्या के लिए ले जा रहे हैं। इसके बाद गांव जसाला के निकट चेकिंग कराने पर शामली की तरफ से आती गाड़ी को रुकने का इशारा किया।
चालक ने गाड़ी रोकी और कूदकर फरार हो गया। जबकि गाड़ी में बैठे तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। सीओ कैराना भूषण वर्मा ने शनिवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि गिरफ्तार आरोपी कार्तिक पुत्र राममेहर, ब्रिजेश पुत्र बिशंबर निवासी बलवा और राजकुमार पुत्र रामजीलाल निवासी गांव जसाला का रहने वाला है।
आरोपियों ने अपने फरार साथी का नाम मुस्तकीम निवासी जंधेड़ी थाना कैराना बताया है। मुस्तकीम के साथ मिलकर गोवंश को सस्ते दामों में खरीदकर कैराना क्षेत्र में कटान करते हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया।