शामली/कैराना। हर्ष फायरिंग मामले में नामजद आरोपी ब्लाक प्रमुख के पति गय्यूर और इनाम धूरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। दोनों आरोपी कैराना थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं।
कैराना कोतवाली प्रभारी एमएस गिल के मुताबिक सात फरवरी को ब्लाक कार्यालय के बाहर हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से कैराना निवासी बालक समी की मौत हो गई थी। समी के चाचा इकबाल ने ब्लाक प्रमुख के पति गय्यूर, मुमताज, इनाम धूरी, मुरसलीन और नफीस उर्फ छोटा के खिलाफ हत्या और बलवे की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नामजद पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच बृहस्पतिवार तड़के करीब 4:30 बजे सूचना मिली कि नामजद दो आरोपी बाईपास पर भूरा तिराहे के पास खड़े हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गय्यूर तथा इनाम धूरी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि आरोपियों के पास से कोई हथियार या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी कैराना थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। आरोपी ब्लाक प्रमुख पति और इनाम धूरी को बेशक कैराना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया, लेकिन आरोपियों को कैराना थाने नहीं ले जाया गया। उन्हें आदर्श मंडी थाने लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद सीएचसी शामली में दोनों का मेडिकल कराया, जिसके बाद कोर्ट में पेश किए गए।
यो 11 तारीख बड़ी खराब है
इनाम धूरी को जब पुलिस गिरफ्तार करके आदर्श मंडी थाने ले आई, तो वह बोला कि 11 तारीख बड़ी खराब है। पहले भी उसे 11 तारीख को ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गौरतलब है कि कैराना में रंगदारी नहीं देने पर मुकीम काला गैंग ने दो व्यापारियों की हत्या कर दी थी। तब पुलिस ने इनाम धूरी को मुकीम गैंग के बदमाशों को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
फायरिंग हो रही थी, पर हमने नहीं की
गिरफ्तारी होने पर पुलिस ने ब्लाक प्रमुख के पति गय्यूर और इनाम धूरी का बयान दर्ज किया। दोनों आरोपियों ने कहा कि सात फरवरी को चुनाव नतीजे घोषित होने पर ब्लाक कार्यालय के बाहर फायरिंग तो हो रही थी, लेकिन उन्होंने फायरिंग नहीं की।