थानाभवन। गांव जाफरपुर में किसान की ट्यूबवेल पर 30 लाख रुपये की रंगदारी की चिट्ठी पड़ी मिली। इससे किसान के परिवार में दहशत फैल गई, तो पुलिस में हड़कंप मच गया। चिट्ठी की लिखाई किसी बच्चे की लग रही है। पुलिस जांच कर रही है।
गांव जाफरपुर निवासी गुलाब के परिवार के लोग सोमवार शाम जब ट्यूबवेल पर पहुंचे, तो वहां एक चिट्ठी पड़ी मिली। उसमें लिखा था कि 30 लाख रुपये का इंतजाम कर लेना, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। किसान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। किसान ने बताया कि उसकी किसी से रंजिश भी नहीं चल रही है। इसके बावजूद रंगदारी की धमकी की चिट्ठी को लेकर दहशत बनी है।
रंगदारी की मांग की चिट्ठी मिलने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास में कांबिंग कराई, लेकिन धमकी भरी चिट्ठी डालने वालों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका। थानाध्यक्ष का कहना है कि चिट्ठी किसी बच्चे से लिखवाई गई है। ऐसा भी हो सकता है कि किसी ने शरारत कर दी, लेकिन मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
व्यापारी से दो लाख रुपये की मांग
शामली। बदमाशों ने नगर के एक कपड़ा व्यापारी से मोबाइल फोन पर कॉल करके दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
अजय पुत्र बजरंग प्रसाद निवासी मोहल्ला रामसागर कपड़ा व्यापारी है। उसका कहना है कि दो दिन पूर्व उसके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया और उसको धमकी देते हुए दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। फोन करने वाले ने रंगदारी की रकम न देने पर व्यापारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को कुछ भी बताने पर बदमाश ने उसके अपहरण की भी धमकी दी है। घटना के बाद से डरे सहमे व्यापारी और उसके परिवार ने दो दिन तक मामले को दबाए रखा।
सोमवार को पीड़ित ने कोतवाली शामली में तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने सतीश राय ने बताया कि जिस फोन नंबर से व्यापारी को कॉल की गई, उसकी डिटेल निकलवाई जा रही है, बदमाश को शीघ्र ही चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।