थानाभवन। गांव हरड़ फतेहपुर में आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाशों ने घेर में सो रहे किसान को गन प्वाइंट पर लेकर नकदी, कृषि उपकरण, छह पशु और कीमती सामान लूट लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
थानाभवन क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर निवासी पवन कुमार पुत्र मुरली सिंह ने थाने में तहरीर दी है कि शनिवार रात वह अपने घेर में सोया हुआ था। रात्रि लगभग एक बजे 8-10 सशस्त्र बदमाश घेर की दीवार फांदकर अंदर घुस आए।
बदमाशों ने पवन को तमंचों से आतंकित कर बंधक बना लिया।
बदमाशों ने घेर में रखे चार कट्टे खाद, ट्यूबवेल का पम्प सेट, घेर में बंधी तीन भैंस और एक गाय सहित छह पशु, 1250 रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार बदमाशों की संख्या लगभग 8-10 थी, जिनके हाथों में तमंचे और राइफल थीं। किसान की ओर से थाने में घटना की तहरीर दी गई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।