गांव मंसूरा में लूट के बाद बिखरा पड़ा सामान और जानकारी देता पीड़ित।
- फोटो : amar ujala
शामली के झिंझाना के गांव मंसूरा में बदमाशों ने मकान मालिक को बंधक बनाकर जेवरात, नकदी और तीन पशु लूट लिए। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है।
मंसूरा में गांव के बाहर सरदार करतार सिंह का डेरा है। बुधवार रात डेरे पर करतार सिंह का बेटा सरदार कुलवीर सिंह अकेला था, परिवार के बाकी सदस्य किसी जरूरी कार्य से बाहर गए हुए थे। रात करीब तीन बजे पिकअप लेकर पहुंचे बदमाशों ने कुलवीर सिंह को तमंचों से आतंकित कर बंधक बना लिया। इसके बाद वहां बंधी एक भैंस, भैंसा और कटिया के अलावा अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात सहित 20,000 रुपये, मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
शोर मचाने आए पड़ोसियों ने कुलवीर सिंह को बंधन मुक्त कराया। पीड़ित ने यूपी डायल-100 पर कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। सुबह पांच बजे थाना झिंझाना को सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। कुलवीर सिंह ने बताया कि लगभग ढाई लाख रुपये कीमत का सामान बदमाश ले गए हैं। थाना प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि पीड़ित ने सामान चोरी होने की तहरीर दी है। उसी आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।