शामली। उद्यमियों से रंगदारी मांगने वाले शातिर को अभी पुलिस ने पकड़ा ही था, कि अब मेडिकल स्टोर संचालक से दस लाख रुपये की रंगदारी मांग ली गई। धमकी मिलने के बाद से स्टोर संचालक दहशत में है। रविवार की शाम उसने कोतवाली में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के कमला कालोनी निवासी कमल सिंह का पालिका मार्केट में मेडिकल स्टोर है। शनिवार की देर शाम उसके मोबाइल नंबर पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही रंगदारी नहीं देने पर गोली से उड़ाने की धमकी दी गई। कॉल आने की बात कमल ने अपने परिजनों को बताई, तो वह दहशत में आ गए। पहले तो दहशतजदा परिवार ने यह बात छुपाए रखी, लेकिन बाद में फिर कॉल आने पर कमल ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी।
कमल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसे कॉल कर दस लाख की रंगदारी मांगी जा रही है। हालांकि कॉल करने वाले ने अपना नाम नहीं बताया है। रविवार की देर शाम स्टोर संचालक कमल ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि व्यापारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सर्विलांस के माध्यम से कॉल करने वाले का पता लगाया जा रहा है।