मुरादाबाद-संभल मार्ग पर फिरोजपुर पुल पर हर रोज मुसीबत हो रही है। लंबा जाम लगता है। वाहन फंस जाते हैं। वाहनों के फंसने पर हंगामा खड़ा हो जाता है। इसी क्रम में रविवार को एक ट्रक चालक दरोगा से भिड़ गया। पुलिस वालों ने उस चालक को पकड़कर पीटा। मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।
भीड़ बढ़ने लगी और बवाल का अंदेशा पैदा हो गया। इसी बीच ट्रक चालक पुलिस के चंगुल से छूटकर भाग गया। पुलिसकर्मी पकड़ने के लिए उसके पीछे भागे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। घटना रविवार को शाम तीन बजे के करीब की है। एक ट्रक चालक ने फिरोजपुर पुल में जाम के दौरान अपना ट्रक बीच में खड़ा कर दिया।
इस पर वहां खड़ा एक दरोगा ट्रक चालक से भिड़ गया। काफी देर तक दोनों के बीच कहासुनी होती रही। चालक ने दरोगा पर एक पत्थर फेंककर मारा। किसी तरह दरोगा ने पत्थर से खुद को बचाया। इसके बाद दरोगा ने चालक को पकड़ लिया और जमकर पीटा लेकिन जाम के दौरान भीड़ बढ़ने लगी तो चालक किसी तरह छूटकर वहां से भाग गया।
इस घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामपाल सिंह का कहना है कि जाम के दौरान इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं यदि कोई पकड़ा जाता तो मुकदमा दर्ज किया जाता।