जलालाबाद। क्षेत्र के गांव चंदेनामाल में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए। घायलों को थानाभवन सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर होने के चलते मुजफ्फरनगर के लिए रैफर कर दिया गया।
शुक्रवार को गांव चंदेनामाल निवासी राजपाल व सुरेश के बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद हो गया। बच्चों ने घर आकर परिजनों को बताया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए।
इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक पक्ष से राजपाल, कपिल, मंजीत, सोम्मी व सन्नी घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से सुरेश व पुष्पेंद्र घायल हो गए। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को थानाभवन सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पुष्पेंद्र की गंभीर हालत के चलते मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया।