शामली के झिंझाना में सोशल मीडिया पर धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी डाले जाने से मुसलिम समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। इस मसले पर हुई पंचायत के बाद माहौल बिगाड़ने वाले शरारती तत्व के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आरोपी की रिश्तेदारी में दबिश डालने गई, तो वहां पुलिस का घेराव हो गया। भीड़ ने पुलिस की जीप में तोड़फोड़ की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी युवक के दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है।
करनाल रोड स्थित गांव कसेरवा निवासी नीरज ने व्हाट्सएप पर इंडियन नामक ग्रुप बनाया हुआ है, जिसमें झिंझाना और आसपास क्षेत्र के युवकों को भी जोड़ रखा है। बुधवार को इसी व्हाट्सएप ग्रुप में धर्म विशेष के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई, जिसे झिंझाना निवासी रिजवान पुत्र अख्तर ने पढ़ा। उसने अन्य लोगों को इस बारे में जानकारी दी। मुसलिम समाज के लोगों में उक्त आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर रोष व्याप्त हो गया। बुधवार रात ही डेयरी चौक पर मुसलिम समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर रोष जताया। इससे मौके पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर झिंझाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद रिजवान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ग्रुप एडमिन नीरज के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वहीं, आरोपी नीरज को गिरफ्तार करने के लिए देर रात पुलिस ने उसकी ससुराल लक्ष्मणपुरा में दबिश दी, तो वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने हंगामा कर दिया। भीड़ इकट्ठा होने पर पुलिस का घेराव कर लिया। भीड़ ने पुलिस जीप में तोड़फोड़ की कोशिश की। पुलिस ने नीरज के ससुर त्रिभुवन तथा साले धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर थाने ले आई। एसएसआई संदीप बालियान ने बताया कि आरोपी नीरज को पकड़ने के लिए गांव लक्ष्मणपुरा में दबिश के दौरान पुलिस के साथ अभद्रता की गई। पत्थर मारकर जीप का शीशा तोड़ने की कोशिश की गई। नीरज के ससुर और साले को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। बृहस्पतिवार दोपहर दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दिया। आरोपी नीरज को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।