झिंझाना। साइड न मिलने पर स्कूटर सवार युवकों ने कार सवार युवक को पीट दिया। बीच बचाव में आई उसकी बहन को भी पीटा और कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि युवकों ने उससे कुंडल और मोबाइल फोन भी लूट लिया।
घटना के विरोध में झिंझाना नगर पंचायत चेयरमैन और अन्य लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
कस्बा झिंझाना के मोहल्ला नीला रोजा निवासी सलीम उर्फ गुड्डू मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अपनी बहन के साथ कार से गाडीवाला चौराहे की तरफ जा रहा था। रास्ते में स्कूटर सवार दो युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। डेयरी चौक के निकट युवकों ने ओवरटेक करके उसकी कार रुकवा ली।
इसके बाद युवकों ने सलीम के साथ गालीगलौज की और विरोध करने पर मारपीट करने लगे। इसी दौरान कार में बैठी महिला भी अपने भाई को बचाने के लिए आगे आ गई। आरोप है कि युवकों ने उसको भी पीटा और कपड़े फाड़ दिए। साथ ही सोने के कुंडल और मोबाइल फोन छीनकर आरोपी युवक फरार हो गए।
इसके बाद पीड़ित सलीम और उसकी बहन ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। वहीं, सूचना मिलने पर नगर पंचायत झिंझाना के चेयरमैन हाजी सरफराज खां और भाजपा नेता सतेंद्र तोमर ने समर्थकों के साथ थाना झिंझाना पहुंचकर आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस से मांग की। एसएसआई संदीप बालियान ने कहा कि आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।