कांधला। सहारनपुर से किराए पर लाई गई कार को बदमाशों ने बुढ़ाना रोड पर लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश चालक को बंधक बनाकर जंगल में फेंककर फरार हो गए। पीड़ित चालक ने किसी तरह बंधक मुक्त होकर मामले की सूचना पुलिस को दी।
सहारनपुर के गांव देवला निवासी उस्मान किराए पर कार चलाता है। पीड़ित के अनुसार मंगलवार को सहारनपुर निवासी ट्रांस्पोर्टर बोबी ने उसको चार युवकों के साथ शामली के लिए भेजा था। देर शाम वह उनको लेकर शामली पहुंचा, तो उनमें से एक ने कांधला अपनी रिश्तेदारी में चलने की बात कहते हुए उस्मान को कांधला लेकर आ गए।
कांधला पहुंचने पर उन्होंनेेे हथियारों के बल पर उस्मान को बुढ़ाना रोड की ओर चलने को कहा। कुछ दूरी पर चलने के बाद रेलवे स्टेशन के समीप चारों युवकों ने उस्मान को पीटा और उससे पांच हजार रुपये नकदी, मोबाइल फोन तथा कार लूटने के बाद उसे आम के बाग में बंधक बना दिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। किसी तरह से बंधनमुक्त होकर उस्मान ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार को एसओजी प्रभारी राजकुमार शर्मा और सीओ कैराना भूषण वर्मा ने चालक से मामले की जानकारी ली। एसओजी टीम ने ट्रांसपोर्टर बोबी को हिरासत में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित कार चालक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।