ऊन। शादी समारोह के बाद झिंझाना से गंगोह के गांव सतारपुर जा रहे दूल्हा और दुल्हन की कार को ऊन बाईपास के पास बाइक सवार बदमाशों ने रुकवा लिया। दुल्हन को कार से उतारने की कोशिश की, मगर शोर शराबा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद मौके पर पहुंची ने दोनों को अपनी सुरक्षा में गांव तक सुरक्षित पहुंचवाया।
बुधवार को गंगोह क्षेत्र के गांव सतारपुर निवासी युवक की बारात झिंझाना में आई थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब दूल्हा-दुल्हन परिजनों के साथ कार से ऊन बाईपास की तरफ से होकर सतारपुर के लिए जा रहे थे, तो बाईपास के नजदीक ही दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उनकी कार रुकवा ली। बदमाशों ने हाथ में डंडे ले रखे थे। कार रुकवाकर बदमाशों ने दूल्हा दुल्हन को कार से खींचकर उतारने की कोशिश की, जिस पर उन्होंने शोर मचा दिया।
इसी दौरान पीछे से बारातियों की कार आ गई तथा राहगीर भी रुकने लगे। इसके चलते आरोपी युवक अपनी बाइकें लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित नवदंपत्ति और उनके साथियों ने ऊन चौकी पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। वहीं, पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया और जांच करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दूल्हा दुल्हन की कार को पुलिस सुरक्षा में उनके गांव भिजवा दिया।
वहीं, शहर के एक होटल में मंगलवार देर रात पुलिस ने छापा मारकर प्रेमी युगल को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया और युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में युवक को भी छोड़ दिया गया। यह मामला शहर में चर्चा बना रहा।