झिंझाना। गांव वेदखेड़ी में खेत पर गए किसान से बदमाशों ने माचिस मांगी। किसान के इंकार करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। साहसी किसान भी बदमाशों से भिड़ गया।
बदमाशों ने निशाना साधते हुए किसान पर तमंचे से फायर भी किया। हाथापाई के दौरान तमंचे की दिशा बदलने के कारण किसान बच गया। ग्रामीणों ने झिंझाना थाने पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार कराने की मांग की है।
घटना मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे की है। गांव वेदखेड़ी निवासी किसान रामकुमार सिंचाई करने खेत पर गया था। वहां ट्यूबवेल पर पहले से दो युवक बैठे थे, जिन्होंने रामकुमार से माचिस मांगी। किसान के इंकार करने पर युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। इस पर किसान भी युवकों से भिड़ गया।
इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और फायर करने लगा, लेकिन हाथापाई के कारण गोली रामकुमार को नहीं लग सकी। इसके बाद शोरशराबा होने पर आसपास के खेतों से किसान एकत्र हो गए। बदमाश खेतों के रास्ते भाग निकले। किसानों ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल करके घटना की सूचना दी।
कैराना और झिंझाना थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी कराई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। भाजपा नेता बंटी तोमर के नेतृत्व में वेदखेड़ी गांव के लोगों ने झिंझाना थाने पहुंचकर घटना का खुलासा कराने और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान सतेंद्र तोमर, विकास सैनी, जसवंत, अशोक, प्रदीप, सोनू, सुशील, देवेंद्र जयभगवान, कृष्ण, अनुज सैनी, पाल्ला सरदार, रामकुमार मुखिया, सोमराम, रोहिताश, प्रदीप मास्टर, सतपाल सैनी, दिलशाद, सतवपाल बंसल आदि मौजूद रहे। एसएसआई ने बताया कि पीड़ित ने अज्ञात में बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।