झिंझाना। गाड़ीवाला चौराहे के पास मैकेनिक की दुकान के बाहर खड़े वाहनों से बैटरी चुराने वाले दो युवकों को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिए। इसके बाद दोनों युवक पुलिस चेकपोस्ट से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने खूब तलाश किया, मगर आरोपी हाथ नहीं आए।
कस्बा झिंझाना में गाड़ीवाला चौराहे के पास मैकेनिक की दुकान है। रविवार अपराह्न करीब तीन बजे दो युवक वहां पहुंचे और मैकेनिक की दुकान के बाहर खड़े वाहनों से बैटरी चोरी कर ली।
दुकानदार ने उन्हें देखकर शोर मचाया, जिसके चलते मौके पर इकट्ठा हुई भीड़ ने दोनों को पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई की और पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया। इसके बाद करीब साढ़े चार बजे उक्त दोनों आरोपी युवक चेकपोस्ट से भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया, मगर आरोपी हाईवे किनारे एक गन्ने के खेत में घुस गए।
इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक पुलिसकर्मी गन्ने के खेत में युवकों को तलाशते रहे, मगर उनका कुछ पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि फरार हुए दोनों आरोपियों के नाम पते मालूम चल गए हैं, वह कस्बा झिंझाना के ही रहने वाले हैं। जल्दी ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।