शामली। कैराना रोड के पास मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पुलिस ने बंधन बैंक कर्मी से लूटी गई रकम में से बारह हजार रुपये और तमंचेे बरामद किए हैं।
सीओ सिटी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि 29 मार्च को ब्लाक रोड पर कलेक्शन कर लौट रहे बंधन बैंक कर्मी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने साठ हजार रुपये लूट लिए थे। 13 अप्रैल की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की दो बाइकों पर चार बदमाश कैराना यमुना नहर पुल के पास हैं और लूट की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर शहर कोतवाल उमेश रोरिया, सत्यनारायण दहिया, एसआई भूपेंद्र सिंह आदि ने बदमाशों को घेर लिया। पुलिस पर बदमाशों फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने चारों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों जोगेंद्र उर्फ बंटी निवासी पंजाबी कॉलोनी रेलपार, विकास पुत्र श्योराज जोगी निवासी रंगाना झिंझाना, विकास उर्फ विक्की पुत्र सुरेश निवासी पंसारियान शामली और अमित उर्फ छोटू ने बंधन बैंक कमी से हुई साठ हजार की लूट को स्वीकार किया है।
पुलिस ने सभी के पास से 12 हजार रुपये, छह मोबाइल, कलेक्शन मशीन सहित बैंक की पासबुक आदि बरामद की है। एक बदमाश निखिल पुत्र लाला निवासी सिकंदरपुर थाना झिंझाना फरार हो गया।
बदमाशों ने बताया कि उनके हिस्से में 12-12 हजार रुपये आए थे। पकड़े गए बदमाशों में से एक की मां ने भी बंधन बैंक से लोन ले रखा था। जिससे उसको यह पता था कि बैंक कर्मी कब और कितना रुपया लेकर आता है। घटना वाले दिन जैसे ही बैंककर्मी कलेक्शन करके चला तो उसको घेर लिया और लूट को अंजाम दे दिया।