शामली। एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी से एक युवक के खाते से 4.37 लाख रुपये निकालने वाले आरोपी को शामली कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चार एटीएम कार्ड और 4.35 लाख रुपये बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी जिले सिंह पुत्र टेका उर्फ टेकराम सोनीपत (हरियाणा) के गोहाना स्थित वार्ड नंबर 16 का रहने वाला है। शुक्रवार दोपहर उसे एसपी दफ्तर में मीडिया के सामने पेश किया गया। एसपी विजय भूषण ने बताया कि धोखाधड़ी का शिकार शामली के मोहल्ला रेलपार निवासी सत्यपाल सिंह पुत्र आसाराम को बनाया गया था।
सत्यपाल ने 20 अगस्त को शामली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि किसी ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके खाते से 4.37 लाख रुपये निकाल लिए हैं। केस दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में लगी, जिसके बाद जिले सिंह के बारे में पता चला।
शुक्रवार को शामली कोतवाली पुलिस ने आरोपी जिले सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं से सत्यपाल के खाते से निकाली गई रकम 4.35 हजार रुपये तथा चार एटीएम कार्ड भी बरामद हुए। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस टीम को 5 हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा एसपी ने की है। इस दौरान सीओ निशांक शर्मा भी मौजूद रहे।
निरक्षर है जिले सिंह
पुलिस के मुताबिक आरोपी जिले सिंह निरक्षर है। उसने शामली में आने के बाद सत्यपाल का एटीएम कार्ड बदला और दिल्ली तथा गाजियाबाद में जाकर एटीएम से ही नकदी निकाली थी। यह रकम चार दिन में निकाली गई थी।