शामली। शहर कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच शनिवार की देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस और बदमाशों के बीच कई राउंड गोलियां चलीं। गोली लगने से घायल दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली लगने से दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाशों ने 12 घंटे पहले नया बाजार में जूता व्यापारी से 25 हजार की लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
शामली कोतवाली पुलिस को देर रात 2.30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि मैली रोड पर इनोवा के साथ कुछ बदमाश खड़े हुए है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम के निर्देश पर एसएसआई पंकज कुमार, एसआई सत्यपाल सिंह, एसआई सत्यनारायण दाहिया पुलिस टीम के साथ पहुंचे और बदमाशों को घेर लिया।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई, जबकि एक फरार हो गया। बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी रोहित हुड्डा और विकास भी घायल हो गए। पुलिसकर्मियों के हाथ में गोली लगी है। पकड़े गए बदमाशों के नाम हरियाणा के फरीदाबाद के संजय कॉलोनी निवासी राजेंद्र उर्फ राजवीर पुत्र भूपेंद्र चौधरी और जवाहर कॉलोनी निवासी चेतन पुत्र श्यामलाल है, जबकि फरार हुए बदमाश का नाम सोनू, निवासी शाहदरा बताया जा रहा है।
पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उनको रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाशों ने शनिवार की रात करीब आठ बजे नया बाजार निवासी जूता व्यापारी अजय की दुकान से 25 हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं, सीओ सिटी अशोक कुकार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे लूटी गई नगदी भी बरामद कर ली गई है।
उधर, थानाभवन में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाये जाने पर नगर में दो सगे भाईयों टीपू उर्फ फरमान व इंतजार पुत्रगण सईद उर्फ सीदू निवासी मोहल्ला कस्साबान थानाभवन को गुंडा एक्ट में निरुद्ध की कार्रवाई की गई।
इनोवा और लूटे गए 25 हजार भी बरामद
पुलिस ने दोनों बदमाशों से शनिवार शाम लूटी गई 25 हजार की रकम बरामद की है। इनमें चेतन से 13 हजार तथा राजेंद्र से 12 हजार रुपये बरामद किए गए है। साथ ही लूट की वारदात में शामिल इनोवा को भी बरामद कर लिया गया है, लेकिन जांच में अभी तक इनोवा के कागजात भी नहीं मिल पाए हैं। गाड़ी बदमाशों की अपनी है या फिर लूट गई है, इसकी जांच की जा रही है।
कई राउंड फायरिंग होने से दहशत
मुठभेड़ में दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई। हालांकि पुलिस रिकार्ड के अनुसार मात्र दो राउंड ही गोलियां चलाई गई, जबकि बदमाशों की ओर से आठ राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने मौके से दस खोखे तथा दोनों बदमाशों के पास से तीन कारतूस 315 बोर और तमंचा और छह कारतूस 12 बोर और तमंचा राजेंद्र से बरामद करने का दावा किया है।