कैराना। पंजाब की नाभा जेल से आतंकियों को फरार कराने के आरोपी पलविंदर उर्फ पिंदा के खिलाफ चल रही विवेचना जल्दी ही पूरी होने वाली है, उसके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट जल्द दाखिल होगी।
27 नवंबर 2016 की सुबह पंजाब की नाभा जेल ब्रेक कर खालसा लिब्रेशन फ्रंट के चीफ सहित आतंकियों को फरार करा लिया गया था। फरारी के मास्टर माइंड पलविंदर उर्फ पिंदा को उसी दिन शाम करीब छह बजे कैराना कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।
पलविंदर के पास से लुधियाना से लूटी गई फार्च्यूनर, एक पंप गन, एक एसएलआर और दो रायफल के आलावा भारी मात्रा में कारतूस और वायरलेस हैंडसेट बरामद किया गया था। पलविंदर द्वारा लूटी गई फार्च्यूनर पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई हुई थी। उसके पास से पुलिस ने फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस, फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किए थे।
एक माह पूर्व कैराना पुलिस ने पलविंदर के विरुद्ध अवैध शस्त्र रखने की धारा 25 आर्म्स एक्ट में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी।
कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि पलविंदर के विरुद्ध गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने, फर्जी डीएल और फर्जी पहचान पत्र की धारा 353, 420, 467, 468, 471 में विवेचना लगभग पूरी हो चुकी है, जल्दी ही चार्जशीट कोर्ट में पेश की जाएगी।