शामली। शराब के नशे में कार चला रहे सिपाही की टक्कर लगने से युवक की मौत के मामले में आरोपी सिपाही को पुलिस ने थाने से ही जमानत देकर छोड़ दिया। मामले में सिपाही के खिलाफ लापरवाही से कार चलाने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। मामले पर बृहस्पतिवार देर रात तक हंगामा हुआ था।
बृहस्पतिवार रात गांव सिंभालका निवासी शांति (30) सड़क पार कर रहा था, तभी मेरठ की तरफ से आए स्विफ्ट डिजायर कार चालक ने उसे टक्कर मार दी थी, जिसमें शांति की मौके पर मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने हंगामा कर कार चालक को पकड़ लिया था। कार को सिसौली निवासी सिपाही रोहित चला रहा था, जो शामली में ही डायल 100 पर तैनात है। ग्रामीणों ने आरोपी सिपाही को पीटने के साथ ही उसको मौके से भगाने की कोशिश करने वाले होमगार्ड को भी पकड़ कर पीट दिया था।
गुस्साए ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता दिलाने और पीड़ित परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग पर कई घंटे तक हंगामा प्रदर्शन किया और हाइवे पर ट्रैफिक जाम लगा दिया था। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीएम एमपी सिंह और सीओ सिटी उपेंद्र यादव ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया था। इसके बाद आरोपी सिपाही रोहित के खिलाफ शामली कोतवाली में लापरवाही से कार चलाने के कारण युवक की मौत होने की धारा 304ए के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
उधर, शुक्रवार को शामली कोतवाली पुलिस ने आरोपी सिपाही रोहित का मेडिकल कराया, जिसके बाद उसको थाने से ही जमानत देकर छोड़ दिया गया। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि सिपाही रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई, जिसके बाद उसे थाने से जमानत देकर छोड़ दिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
जाम लगाने वाले 50 लोगों पर मुकदमा दर्ज
शामली। बृहस्पतिवार रात को सिपाही की कार से हुई युवक की मौत के मामले में ग्रामीणों ने कोतवाली के मेरठ करनाल हाईवे पर जाम लगा दिया था। जिसके बाद सीओ सिटी उपेंद्र कुमार यादव एसडीएम शामली एपी सिंह के समझाने के बाद भी ग्रामीण शांत नहीं हुए थे। बाद में मौके पर ही आर्थिक सहायता दिलाने तथा सिपाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए थे ।
पुलिस ने देर रात इस मामले में हाईवे जाम करने के आरोप में गांव सिंभालका के 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने हंगामा कर जाम लगाने वाले वालों की तलाश शुरू कर दी है कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।