कैराना। मेहमान बनकर घर आए तीन युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ गाड़ी में ले गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति के घर पर शनिवार की रात उसका एक दोस्त अपने दो साथियों के साथ गाड़ी में आया। रात ज्यादा होने के की बात बताते हुए घर पर रुकने की बात कही। मेहमान बनकर आये दोस्तों की मेहमाननवाजी करने के बाद परिवार सो गया। व्यक्ति ने बताया कि लगभग तीन बजे उसकी आंख खुली, तो घर पर सो रही उसकी 16 वर्षीय पुत्री गायब मिली। मेहमान भी गायब होने से वह हड़बड़ा गया। घटना की सूचना रात्रि में ही पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस ने एक होटल से किशोरी को बरामद करने के साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार को भी जब्त कर लिया। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर वसीम निवासी गुलिस्ता गार्डन लिसाढ़ी गेट ब्रह्मपुरी मेरठ, अमीरूदीन व जावेद निवासीगण खुशालनगर लिसाढ़ी गेट ब्रह्मपुरी मेरठ के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर लिया गया गया है। किशोरी को बरामद कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।