जलालाबाद। डेरा सोहजनी में खेत में चर रहे गोवंश की पिटाई को लेकर दो समुदाय के लोगों में टकराव हो गया। इसके बाद जमकर लाठी-डंड़े चले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया और घायलों को अस्पताल में भिजवाया। एहतियातन गांव में फोर्स की तैनाती कर दी गई है।
डेरा सोहजनी में एक गोवंश गांव के खेतों में घुसकर फसल चरता है। देर रात दूसरे समुदाय का एक युवक गोवंश को डंडे से मारता पीटता ला रहा था। इस पर वह गांव में सड़क के किनारे जय सिंह कश्यप के मकान के बाहर बंधे हुए पशुओं के बीच पहुंच गया। आरोपी ने वहां भी बंधे हुए गोवंश को भी मारना पीटना शुरू कर दिया। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग एकत्र हो गए और विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना पर डायल-100 पुलिस और थानाभवन एसओ भी भारी संख्या में फोर्स के साथ मौके पहुंच गए और दोनों पक्षों के लोगों को लाठी-डंड़े फटकार कर वहां से भगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल भिजवाया। साथ ही कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए वहां पर फोर्स तैनात कर दी गई। एसओ का कहना है कि गांव में शांति है, मामले की जांच की जा रही है।