शामली। बाबरी थाना क्षेत्र के गांव कैड़ी में दो मकानों में परिवारों को बंधक बनाकर डाली गई डकैती में चोरी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है, जबकि तहरीर में भी स्पष्ट लिखा गया है कि बदमाशों ने बंधक बनाकर नकदी, जेवर और सामान लूटा। पुलिस का कहना है कि पीड़ित ने जो तहरीर दी, उसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव कैैैडी में बुधवार की रात करीब दो बजे बदमाशों ने यामीन तथा उसके पुत्र आस मोहम्मद को बंधक बनाकर 30 हजार रुपये नकदी, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन लूट लिया था। इसके बाद यामीन के पड़ोसी शमशाद पुत्र करमू के मकान में घुसकर भी परिवार को बंधक बनाकर नकदी और जेवर लूट लिए गए थे। रात में ही बाबरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली थी। उधर, बृहस्पतिवार को बाबरी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, जिसमें चोरी की धारा लगाई गई। तहरीर शमशाद की तरफ से दी गई, जिसमें बदमाशों द्वारा परिवार को बंधक बनाकर नकदी, जेवर ले जाना बताया गया। पीड़ित शमशाद का कहना है कि बाबरी थाना पुलिस ने रिपोर्ट लिखने में मनमानी की है, इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की जाएगी। उधर, सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार का कहना है कि मामला संदिग्ध है। क्योंकि पीड़ित बार बार अपना बयान बदल रहा है। शमशाद ने जो तहरीर दी थी, उसी के मुताबिक िपोर्ट दर्ज कर ली गई। जांच चल रही है, कार्रवाई कराई जाएगी।