कांधला। सूरजकुंड महादेव मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने दानपा़त्र से नगदी के अलावा अन्य सामान चोरी कर लिया। मोहल्ला खैल स्थित सूरज कुंड महादेव मंदिर में महंत बलबीर शर्मा सहित कई अन्य सेवादार भी रहते है। बृहस्पतिवार रात सभी लोग खाना खाने के बाद मंदिर प्रांगण में बने कमरे में जाकर सो गए। शुक्रवार सुबह जागने पर मंदिर में चोरी का पता चला। चोरों ने ताला तोड़ कर मंदिर से इनर्वटर बैट्री के अलावा शनिधाम मंदिर में रखे दान पात्र से 5600 रुपये चोरी कर लिए। महंत बलबीर शर्मा ने अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद श्रद्धालुओं की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटना के संबंध में मंदिर समिति के पदाधिकारी पंकज गर्ग ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष नंद किशोर शर्मा का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है, जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।