कैराना (शामली)। चार माह पूर्व रात के समय घर में घुसकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में वांछित चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट ने गैरजमानती वारंट जारी कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी ने करीब चार माह पूर्व कोतवाली कैराना पर अभियोग दर्ज कराया था कि उसकी नाबालिग पुत्री रात्रि के समय घर पर मौजूद थी। आरोप था कि सुनील, नितिन और रोहित निवासीगण मोहल्ला आलकलां ने घर में घुस आये तथा उसकी पुत्री को बुरी नियत से दबोचकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी थी। पिछले दिनों आरोपी कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले आए थे, जिस पर पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पा रही थी। अब स्टे का समय गुजर चुका है। बताया जाता है कि सक्षम न्यायालय से तीनों आरोपियों के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी कर दिए गए हैं। अदालत द्वारा गैर जमानती वारंट जारी करने पर पुलिस फिर से आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में दबिश दे रही है।
वांछितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश
कैराना(शामली)। एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा कोतवाली कैराना पहुंचे। उन्होंने कोतवाली पुलिस को क्षेत्र में अभियान चलाकर वांछितों की धरपकड़ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में कोई अपराध नहीं होना चाहिए और जो आपराधिक घटना हुई है, उनका जल्द राजफाश किया जाए। उधर, एसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछितों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश अभियान चलाया।