शादी में हर्ष फायरिंग, किशोर को लगी गोली
शामली/बाबरी। शादी समारोह में डीजे पर डांस करते समय बरातियों द्वारा हर्ष फायरिंग करने से एक किशोर को गोली लग गई। इससे शादी समारोह में अफरातफरी मच गई । आनन-फानन में ग्रामीणों ने घायल किशोर को शामली स्थित अस्पताल लाकर उपचार कराया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और छानबीन प्रारंभ कर दी। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच के बाद दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बाबरी थाना क्षेत्र के गांव सोंटा में रविवार को बागपत के टीकरी से बरात आई थी। शादी समारोह में सब कुछ ठीक चल रहा था। दोपहर बाद घुड़चढ़ी प्रारंभ हो गई। बराती डीजे के सामने डांस कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी, जिस कारण घुड़चढ़ी देख रहे राहुल (12) को कमर में गोली लग गई। गोली लगने से बरातियों और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान किशोर के परिजन भी मौके पर आए और घायल किशोर को शामली स्थित अस्पताल लाकर उपचार कराया। प्राथमिक उपचार के बाद किशोर को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। किशोर की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर, घटना की सूचना मिलने पर बाबरी थाना पुलिस भी गांव में पहुंची और घटना के बारे में जांच प्रारंभ कर दी। थाना प्रभारी पंकज गौतम का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है, हर्ष फायरिंग करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।