शामली। करीब दो माह पूर्व कोतवाली पुलिस ने शहर कोतवाली क्षेत्र के राकेश को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक बाइक बरामद होने का दावा करते हुए जालसाजी और धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज कर उसको जेल भेज दिया था। इस मामले में मंगलवार को उसके भाई मुकेश ने एसपी डाक्टर अजयपाल शर्मा को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि उसके भाई राकेश ने गांव निवासी एक युवक से बाइक खरीदी थी और बकायदा इस बाबत एक शपथपत्र उस दौरान बनवाया था। कुछ दिन पूर्व पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक पकड़ी गई तो पुलिसकर्मियों ने उसके कागजातों की जांच की तो पता चला कि वह फर्जी है और पकड़ी गई बाइक चोरी की है। मुकेश के अनुसार उन्होंने कोतवाली पुलिस को कई बार बताया कि उन्होंने बाइक गांव के दूसरे युवक से खरीदी है और इसका सुबूत भी शपथपत्र के रूप में उनके पास है। मगर, कोतवाली पुलिस ने पूरे मामले में उनकी नहीं सुनी। मुकेश ने पूरे मामले की निष्पक्ष रूप से जांच कराने की मांग की है।