चोरों ने मेरठ-करनाल हाइवे पर पुलिस चौकी के नजदीक दुकान में सेंध लगाकर सूखे मेवा समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं एक अन्य दुकान में चोरी की कोशिश की गई। व्यापारियों को सुबह चोरी का पता चला। घटना को लेकर व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
कस्बा झिंझाना निवासी बिलेंद्र की मेरठ-करनाल हाईवे पर गाड़ीवाला चौराहा स्थित पुलिस चौकी के नजदीक ही परचून की दुकान है। सोमवार की रात दुकान के पीछे दीवार में नकब लगाकर चोरों ने सूखे मेवा समेत करीब 80 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया गया। बिलेंद्र मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो चोरी का पता चला। उधर, झिंझाना के ही अमित गोयल की करनाल हाईवे पर बिजलीघर के बराबर में स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। चोरों ने शटर के ताले तोड़कर चोरी की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। एक ही रात में दो दुकानों में हुई घटना को लेकर व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।
कहां सो रही थी पुलिस
गाड़ीवाला चौराहा चेकपोस्ट के पास दुकान से चोरी होना कई सवाल पैदा कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट निर्देश है कि रात में हाइवे पर विशेष निगरानी रखी जाएं। बावजूद इसके चोर दुकान में वारदात करके फरार हो गए, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।