शामली। थानाभवन क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी जोगेंद्र पुत्र जगदीश ने सोमवार को जिलाधिकारी को शिकायत पत्र दिया। बताया कि मोहल्ला चौधरान पट्टी निवासी युवक से उसने आठ साल पूर्व कुछ रुपये उधार लिए थे। उसने ब्याज समेत रकम लौटा दी। इसके बाद भी आरोपी उस पर बकायादारी बताता रहा। 25 मई की शाम वह गांव के ही एक व्यक्ति की बाइक लेकर थानाभवन आया था। आरोप है कि युवक ने उससे बाइक छीन ली और कोरे स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। जोगेंद्र ने बताया कि मामले में थानाभवन थाने से शिकायत की, लेकिन पुलिस भी कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपी युवक खुद को एक भाजपा नेता का भतीजा बताता है। जोगेंद्र ने गुहार लगाई कि आरोपी युवक से बाइक दिलवाई जाए। जिलाधिकारी ने मामले में पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।