जमीन दिलाने के नाम पर ठगे 95 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। कृषि भूमि दिलाने के नाम पर 95 लाख रुपये ठगने के मामले में हरियाणा निवासी दो किसानों ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। ठगी 2012 में की गई थी, जिसके बाद किसानों को जमीन नहीं दी गई।
बुधवार को हरियाणा के करनाल जनपद के गांव केमला निवासी रामफल और ग्राम मान्ना निवासी कर्मवीर ने एसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि वर्ष 2012 में कैराना निवासी सेवानिवृत लेखपाल सहित पांच लोगों ने उन्हें गांव मंसूरा के जंगल में कृषि जमीन दिलाने का झांसा दिया था। तब रामफल को 350 बीघा जमीन के लिए 55 लाख और कर्मवीर से 250 बीघा जमीन के 40 लाख रुपये लिए गए थे। सेवानिवृत्त लेखपाल ने जमीन पर कब्जा दिलाने की जिम्मेदारी ली थी। यह रकम देने के बाद भी दोनों किसानों को जमीन नहीं मिली और न ही रकम वापस की जा रही है। पीड़ितों का आरोप है कि वह अपनी रकम मांगते हैं, तो जान से मारने की धमकी दी जा रही हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
महत्वपूर्ण
हरियाणा के दो किसानों से 2012 में ली गई थी रकम