फर्जी मेडिकल नहीं बनाने पर डॉक्टर से मारपीट
शामली। सरकारी अस्पताल में फर्जी मेडिकल बनाने से इंकार करने पर तीन युवकों ने बुधवार की देर रात डॉक्टर की पिटाई कर दी। युवकों ने अस्पताल के स्टाफ के साथ मारपीट करते हुए ्तोड़फोड़ कर दी। इस घटना से अस्पताल में अफरातफरी का माहौल हो गया। मरीजों और उनके तीमारदारों में भय व्याप्त हो गया। इस घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। चिकित्साधिकारी ने तीन आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने तीनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुुधवार की देर रात करीब एक बजे सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी रूम में तीन लोग आए। उन्होंने वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर दीपक कुमार से मेडिकल करने के लिए कहा। इस पर डॉक्टर दीपक ने मेडिकल के लिए पुलिस की चिट्ठी मांगी। आरोप है कि तीनों ने फर्जी मेडिकल करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने डाक्टर से मारपीट कर दी। इसके अलावा युवकों ने सरकारी कागजातों को फाड़ दिया। बीचबचाव करने के लिए आई महिला स्टाफ के साथ अभद्रता करते हुए छेड़खानी की गई। इससे अस्पताल में अफरातफरी का आलम बन गया। इस मौके पर अस्पताल का अन्य स्टाफ एकत्र हो गए और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। बुधवार की देर रात मामले में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस ने तीनों आरोपी अशोक पुत्र धर्मपाल निवासी मंडोली कला, भिवानी हरियाणा, राकेश शिवाच पुत्र होशियार घरोंडा करनाल और जयवीर पुत्र विरेंद्र गांव बांध इसराना जिला पानीपत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।