छह साल पूर्व हरियाणा के कैथल में हुए मर्डर के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को लोगों ने घेर लिया और अभद्रता कर दी। सूचना पर पहुंची कैराना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को लाठियां फटकार कर भगाया। बाद में आरोपी को हरियाणा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
सोमवार सुबह नौ बजे हरियाणा पुलिस स्थानीय पुलिस को साथ लेकर मोहल्ला छड़ियान में एक हत्यारोपी उस्मान कुरैशी उर्फ बबलू को गिरफ्तार करने गई। पुलिस आरोपी को उसके मकान के अंदर से गिरफ्तार करके जैसे ही गाड़ी मेें बैठाने लगी तो मौके पर भीड़ जमा होने लगी। इसी बीच भीड़ ने पुलिस का विरोध कर दिया। पुलिस के कब्जे से आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान हंगामा बढ़ गया और भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर दी। हंगामा बढ़ता देख कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके कोतवाली ले आयी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा कोतवाली पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।
हरियाणा पुलिस के एसआई नरेश कुमार ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में 13 जून 2011 की रात एक किसान को उसके घर से बुलाकर हत्या कर दी थी। मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से थाना छपरौली के गांव कोताना निवासी आशु कुरैशी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पांच साल जेल में रहने के बाद आशु की जमानत हो गई। जबकि मामले में फरार तीन आरोपियों को अदालत ने भगौड़ा घोषित कर रखा है। सूचना पर एक आरोपी उस्मान कुरैशी उर्फ बबलू निवासी मोहल्ला छड़ियान को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि हत्यारोपी की गिरफ्तारी का विरोध करने पर पुलिस ने भीड़ पर लाठियां फटकारी थी, जिसके बाद मामला शांत हो गया था।