गांव नौजल में युवती की एक युवक ने अपने मोबाइल से वीडियो क्लिप बना ली। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में संघर्ष हुआ, जिसमें करीब 12 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाभवन के गांव नौजल निवासी ने थाने में तहरीर दी कि उसकी पुत्री सोमवार की सुबह गांव के बाहर जा रही थी। रास्ते में गांव का ही युवक बैठा था। उसने युवती की मोबाइल से वीडियो बना ली। इसकी शिकायत युवती ने घर आकर परिजनों से की। परिजनों ने इसकी शिकायत युवक के परिजनों से की। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों के एक दर्जन लोगों को चोटिल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। शाम तक दोनों पक्षों में फैसले के प्रयास चल रहे थे।
शार्टसर्किट से एटीएम में लगी आग
थानाभवन। सोमवार को नगर के पंजाब नेशनल बैंक के खुलने के कुछ ही देर पश्चात लगभग 11 बजे बैंक के बाहर लगे एटीएम से अचानक धुआं निकलना प्रारंभ हो गया। धुआं देख ग्राहकों ने बैंक प्रबंधक को सूचना दी। इसी दौरान वहां रखे स्टेब्लाइजर में आग लग गई। बैंक कर्मचारियों व नागरिकों ने स्टेब्लाइजर पर रेत डालकर आग पर काबू किया। बैंक प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि एटीएम में लगे स्टेबलाइजर में शार्ट सर्किट से आग लग गई थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया।