थाना क्षेत्र के गांव चौतरा और शीतलगढ़ी में जेसीबी से बडे़ स्तर पर यमुना नदी से रेत खनन शुरू हो गया है। 24 घंटे रेत से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली, ट्रक और डंफर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इस पर प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
शासन ने कैराना क्षेत्र में यमुना नदी से खनन के पट्टे आवंटित कर रखे हैं, जहां 15 जून से रेत खनन चल रहा है। वहीं, झिंझाना क्षेत्र में रेत खनन का पट्टा आवंटित नहीं हुआ है। बावजूद इसके क्षेत्र में रेत खनन माफिया सक्रिय हैं। रेत से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली सड़कों से गुजर रही है। इसके बाद भी थाने की अहमदगढ़, बिड़ौली, गाड़ीवाला चौराहे पर 100 डायल चीता पुलिस को रेत से भरे ओवरलोड वाहन सड़कों पर चलते दिखाई नहीं दे रहे है। इस कारण माफिया के हौंसले बुलंद है। थाना प्रभारी भगवत सिंह का कहना है कि क्षेत्र में रेत खनन की परमिशन किसी को नहीं है। मात्र हरियाणा से रोड़ी, डस्ट और रेत से लदे वाहन मानकों के हिसाब से लाए जा सकते हैं।