गांव माल्हीपुर में सबमर्सिबल से गली में पानी छोड़ने को लेकर चल रहे विवाद में दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले, पथराव, फायरिंग की गई। जिसमें दोनों ओर से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के दौरान एक युवक को भी गोली लग गई, उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव निवासी ताहिर और जुल्फान के बीच गली में सबमर्सिबल चलने को लेकर पूर्व में कई बार विवाद हो चुका है। आरोप है कि जुल्फान पम्प चलाकर अपने पशु नहलाता है, जिससे गली में पानी भर जाता है। सोमवार सुबह भी जुल्फान ने गली के बाहर पशु नहलाए, जिससे पानी फैल गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ताहिर पक्ष के युवक की बाइक फिसल गई, जिससे वह चोटिल हो गया। इसको लेकर दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद विवाद गरमा गया। दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे लेकर आमने सामने आ गए। जमकर लाठी डंडे तथा धारदार हथियार चले तथा अवैध हथियारों से फायरिंग करने के साथ ही पथराव भी हो गया। संघर्ष में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर कांधला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को तितर बितर किया। संघर्ष में ताहिर पक्ष से इस्तखार, सुफियान, फहीम, ताहिर गंभीर रूप से घायल हो गए। फहीम के सिर में गोली लगने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दूसरे पक्ष से जुल्फान सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों ने अपना उपचार कराने के बाद एक दूसरे के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। थाना प्रभारी एमएस गिल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।